अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू किए जाने को लेकर बुधवार को अधिवक्ता आंदोलित थे। परिसर में जुलूस निकाला गया। मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक मंडलायुक्त को सौंपा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि गठित संघर्ष समिति प्रदेश के विभिन्न अधिवक्ता संगठनों से संपर्क कर अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू करने की मांग उठाने के लिए व संघर्ष में सहयोग की अपील करेंगे। अध्यक्षता सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्यारे मोहन श्रीवास्तव व संचालन मंत्री जय प्रकाश यादव ने की।
इसी क्रम में तहसील बार एसोसिएशन निजामाबाद की बैठक संघ के अध्यक्ष रणविजय राय की अध्यक्षता में अधिवक्ता भवन में हुई। संचालन सहमंत्री विनोद यादव ने किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि हापुड़ न्यायालय परिसर में महिला व अन्य अधिवक्ताओं के ऊपर बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया।
इसकी जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराई जाए। घायल अधिवक्ताओं को मुआवजा के साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाय। इस अवसर पर छोटे लाल यादव, रुदल यादव, विनोद कुमार चौहान, अनिल कुमार प्रजापति आदि मौजूद रहे।