आजमगढ़। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में बृहस्पतिवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों, छात्रों और नौजवानों ने प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंप बढ़े मूल्यों को वापस लेने की मांग की।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों, छात्रों और नौजवानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। इस दौरान पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि वापस लो, कंपनियों की मुनाफाखोरी बंद करो, काले कृषि कानून को वापस लो, बिजली बिल 2020 वापस लो, किसानों-मजदूरों व मेहनतकशों का उत्पीड़न बंद करो, संयुक्त किसान मोर्चा जिंदाबाद, किसान-मजदूर-छात्र-कर्मचारी एकता जिंदाबाद, इंकलाब जिंदाबाद आदि के नारे लगाए। जनवादी लोकमंच के डा. रवींद्र नाथ राय ने मांगों के संबंध में कहा कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं में हुई बेतहाशा बढ़ोत्तरी को वापस लिया जाए। साथ ही तीनों किसान विरोधी कानून वापस हो, बिजली बिल 2020 वापस हो, किसान आंदोलन में भाग लेने वालों का उत्पीड़न बंद हो। किसान आंदोलन में मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए। विरोध प्रदर्शन में किसान सभा के वेद प्रकाश उपाध्याय, किसान महासभा के विनोद सिंह, रिहाई मंच के राजीव यादव, उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन के जियालाल व कामरेड रामवृक्ष और अखिल भारतीय प्रगतिशील छात्र मंच के राहुल सहित अंबिका पटेल, रामनिहोर, विनोद यादव, हीरालाल यादव आदि शामिल थे।