थाना क्षेत्र के बड़ौरा बुजुर्ग गांव में सोमवार की शाम जमीन विवाद के चलते मनबढ़ों ने पिता और दो पुत्रों को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया और लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर मारने के लिए दौड़ा लिए। घायल किसी तरह से अपनी जान बचाकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, पुलिस से शिकायत की जानकारी होने पर मनबढ़ उसके घर में तोड़फोड़ करते हुए पेड़ आदि काटकर नष्ट कर दिए।
गांव निवासी रामसरीख तिवारी (46) करीब चार वर्ष पूर्व एक व्यक्ति की जमीन नौ लाख रुपये में तयकर 4.50 लाख रुपया उसे दे दिए। बाकी रकम बैनामे के बाद दिया जाना है। समझौते के तहत रामसरीख उक्त जमीन में टिनशेड डालकर रहते हैं और दर्जनों पेड़ लगाए हुए हैं। सोमवार की शाम विपक्षी लाठी-डंडे से लैस होकर पेड़ को काट दिए और टिनशेड तोड़ दिए।
रामसरीख ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें और दो बेटों निखिल (22) और पुलकित (17) को भी पीट दिया। लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर गोली मारने के लिए दौड़ा लिए। हालांकि तीनों थाने पहुंचे और एसओ को सारी बात बताए। पुलिस तीनों को पीएचसी जहानागंज भेजवा दी। उधर थाने में शिकायत की जानकारी होने पर मनबढ़ रामसरीख के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। इस घटना से गांव में दहशत है। प्रभारी निरीक्षक जहानागंज अशोक तिवारी ने बताया कि रामसरीख की तहरीर मिली है। लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।