शाहजहांपुर में पत्रकार और बहराइच में आप नेता की हुई हत्या से आक्रोशित आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम सदर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से सरकार के आरोपी मंत्री व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पत्रकार द्वारा प्रदेश सरकार के मंत्री राममूर्ति वर्मा के खिलाफ लिखने पर शाहजहांपुर के कोतवाल ने उन्हें जिंदा जला दिया।
जिसका वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो चुका है। मृत्यु पूर्व पत्रकार द्वारा दिये गए बयान देने के बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा आरोपी मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं बहराइच जनपद के आप नेता गुरू प्रसाद शुक्ला की हत्या ग्राम प्रधान द्वारा करा दी गई। क्योंकि ग्राम प्रधान सत्ताधारी दल का व्यक्ति था और गुरू प्रसाद उसके द्वारा किए गए घोटालों का विरोध करते थे।
गुरू प्रसाद तीन माह पूर्व ग्राम प्रधान के खिलाफ धरने पर भी बैठे थे। थाने से चंद कदम की दूरी पर उनकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। प्रदेश सरकार इस पर अंकुश लगाने में नाकाम हुई है। आप कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर जिला संयोजक राजेश यादव, शाहिद खां, पूर्वांचल कमेटी के सदस्य आलोक त्रिपाठी, मनीष कुमार राय, प्रशांत राय, नुरुज्जमा, शीश मोहम्मद, तेज बहादुर यादव, डा. विजय यादव, संजय सिंह, विवेक यादव, तनवीर रिजवी, जिल्लूर रहमान, विश्वेंद्र सिंह, अन्नू राय, अब्दुल वाहिद आदि उपस्थित थे।