सराय रानी रेलवे स्टेशन पर धरने पर बैठे समिति के लोग और ग्रामीण। संवाद
सराय रानी रेलवे स्टेशन को सिटी स्टेशन का दर्जा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सराय रानी रेलवे संघर्ष समिति का धरना बृहस्पतिवार को भी स्टेशन परिसर में जारी रहा। आंदोलनकारियों ने रेलवे प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए अमरजीत यादव ने कहा कि सराय रानी स्टेशन क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद स्टेशन पर अपेक्षित यात्री सुविधाएं और ट्रेनों के ठहराव की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि समिति लंबे समय से रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग उठा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई।
अजय सैनी ने कहा कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने में विष्णु देव पटवा, बृज बिहारी वर्मा, महेश वर्मा, रजनीश बरनवाल, अजय तिवारी, दिलीप ठठेरा, राजू गुप्ता और दिलीप जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद