आजमगढ़। दो दिन पूर्व जिला अस्पताल में महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ था। एक डॉक्टर के साथ मृतका के तीमारदारों ने मारपीट व दुर्व्यवहार किया था। अस्पताल प्रशासन की तरफ से इस प्रकरण में शहर कोतवाली में मुकदमा भी पंजीकृत है। वहीं अब ऐसी घटनाएं अस्पताल में न हो इसे लेकर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ गंभीर हो गया है।
संगठन के मुखिया डॉ. विनय सिंह यादव ने बताया कि दो दिन पूर्व जिला अस्पताल में जो भी हुआ वह बहुत ही गलत हुआ। इस घटना से अस्पताल के डॉक्टरों ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों में भी भय व्याप्त है। अस्पतालों पर ऐसी घटनाएं पुन: न हो इसके लिए संगठन स्वास्थ्य विभाग के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अमले से भी वार्ता करेगा। जल्द ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलेगा और कोई ठोस ऐसी व्यवस्था किए जाने की मांग करेगा ताकि अस्पतालों पर ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने पाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल टूटता है। ऐसे में इस पर लगाम लगना अत्यंत जरूरी है।