फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून घूमकर तीसरे दिन लौटे लापता बच्चे

Mon, 24 Aug 2015 12:46 AM IST
संवाददाता
विज्ञापन
विज्ञापन
अहरौला (आजमगढ़)। चकबेरमा गांव से दो दिन पूर्व लापता हुए चारों बच्चे तीसरे दिन रविवार की शाम देहरादून घूमकर लौट आए। पुलिस को बच्चे अहरौला टैक्सी स्टैंड पर मिले। थाने में पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि पढ़ाई के लिए घर वाले डांटते रहते थे। इसी से नाराज होकर वह घर से निकले और घूमते-घूमते शाहगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन पकड़कर देहरादून चले गए। वहां से एक महिला स्वीपर ने उन्हें पुन: उसी ट्रेन में बैठाकर वापस भेज दिया जिससे वे देहरादून गए थे।
विज्ञापन

अहरौला थाने के चकबेरमा गांव निवासी अवधेश पांडेय का पुत्र कुलदीप और पुत्री लक्ष्मी और जितेंद्र पांडेय की पुत्री साक्षी और शिवांगी शुक्रवार को सुबह स्कूल गए उसके बाद से उनका पता नहीं था। इन्हें खोजने के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की थी। घटना के तीसरे दिन रविवार की शाम करीब पांच बजे अहरौला एसओ विजय प्रताप यादव को बच्चों के टैक्सी स्टैंड के पास होने की सूचना मिली तो वे उन्हें थाने ले आए। पुलिस और परिवारवालों को देख बच्चे लगातार रो रहे थे। उन लोगों ने बताया कि घर के लोग अक्सर पढ़ाई के लिए उन्हें डांटा करते थे। सभी इससे नाराज थे। शुक्रवार की सुबह चारों स्कूल के लिए निकले। जाते समय कुलदीप ने दादा की जेब से 11 सौ रुपये निकाल लिया था। इसके बाद सब भटौली से आटोरिक्शा में बैठकर शाहपुर और वहां से अहरौला बाजार पहुंचे। वहां से मैजिक में बैठकर जौनपुर जिले के शाहगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गए और प्लेटफार्म पर खड़ी दून-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ गए। शनिवार की सुबह सवा आठ बजे के करीब चारों देहरादून पहुंच गए। वहां काफी देर इधर-उधर घूमने के बाद बच्चे दोपहर में पुन: प्लेटफार्म पर आ गए। इसी दौरान देहरादून स्टेशन की स्वीपर सुनीता की नजर इन पर पड़ी तो उसने अपने पास बुलाया और इनका पता पूछा। भयभीत बच्चों ने उसे सारा हाल कह सुनाया। इसके बाद उसने इन्हें भोजन कराया और अपना फोन नंबर इन्हें देकर शनिवार की रात साढ़े आठ बजे पुन: दून-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन पर बैठाकर वापस भेज दिया। रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे बच्चे शाहगंज रेलवे स्टेशन पर उतरे और वहां से जीप में बैठकर घर जाने के लिए अहरौला स्टैंड पहुंचे। जहां से पुलिस उन्हें अपने साथ ले आई। एएसपी ग्रामीण मोहम्मद इमरान ने बताया कि चारों बच्चों का मेडिकल करवाने के बाद इनके परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें