कुख्यात बदमाश अखंड प्रताप सिंह के बाद शासन के निर्देश पर डी-11 गैंग के सरगना ध्रुव कुमार सिंह कुंटू को भी आजमगढ़ मंडलीय कारागार से कासगंज जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। शासन से निर्देश आने के बाद देर शाम 6:00 बजे के आसपास कड़ी सुरक्षा के बीच उसे कासगंज के लिए भेजा गया।
ध्रुव कुमार सिंह कुंटू का नाम राजधानी में पिछले दिनों हुए अजीत सिंह हत्याकांड में आने के बाद शासन की नजर उस पर टेढ़ी थी। अजीत सिंह हत्याकांड में ध्रुव कुमार सिंह, अखंड प्रताप और गिरधारी को मुख्य आरोपी बनाया गया हैं। इसमें कुंटू और अखंड आजमगढ़ जिला जेल में ही बंद थे।
अखंड को कुछ दिनों पहले बरेली जेल स्थानांतरित किया जा चुका है। इसके बाद से ही कुंटू को भी दूसरी जेल भेजे जाने की आशंका प्रबल हो गई थी। अजीत हत्याकांड की विवेचना के दौरान यह सामने आया था कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश आजमगढ़ जिला जेल में ही रची गई थी। इसको लेकर जेल के तत्कालीन वरिष्ठ जेल अधीक्षक का भी मुख्यालय से अटैच किया जा चुका है।
कुंटू के स्थानांतरण की जेल सूत्रों ने पुष्टि की है। हालांकि कोई भी अपना नाम सामने आने बचा रहा है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कुंटू को दूसरी जेल भेजने के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। रविवार को शासन का निर्देश मिलते ही उसे यहां से कासगंज के लिए रवाना कर दिया गया है।