आजमगढ़ जिला कारागार में एक मामले में बंद कैदी की रविवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और डेढ़ साल से छेड़खानी के मामले में बंद था। कैदी के मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लाडो गांव निवासी 24 वर्षीय विजेंद्र चौहान पुत्र कन्हैया चौहान डेढ़ साल पूर्व एक मामले में गिरफ्तार हुआ था। तब से वह जिला कारागार में बंद था। जेल प्रशासन के अनुसार वह टीबी का मरीज था और उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को दिन में लगभग दो बजे उसकी मौत हो गई।
जेल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं कैदी के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पीएम के बाद जेल प्रशासन व पुलिस ने मृत कैदी का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।