करवा चौथ को लेकर ब्यूटी पार्लर में फेसियल कराती महिलाएं।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। दुर्गोत्सव के बाद करवाचौथ प्रमुख त्योहार में से एक है। बुधवार को आ रहे करवा चौथ को लेकर सुहागिनों में खासा उत्साह है। खासतौर से जिनका यह पहला पर्व रहेगा। वह इसकी विशेष तैयारियों में लगी हैं। पर्व को लेकर बाजार भी सज गया है। कपड़ा दुकानदारों ने भी साडिय़ों की कई वेरायटियां रखी हैं। वहीं ज्वैलरी शाप पर भी महिलाओं के लिए खास आयटम मौजूद है।
संध्या में चंद्रमा को अघ्र्य देने के साथ व्रत पूर्ण होता है। यही ऐसा व्रत है जो सिर्फ सुहागिन महिलाएं ही करती हैं। इस बार करवाचौथ चार नवंबर को है। त्योहार में मात्र दो दिन ही बचा है। घरों में पूजा की तैयारी चल रही है। खासकर पहली बार व्रत रखने वाली नवविवाहिताओं में खासा उत्साह है। हालांकि, हर आयु वर्ग की महिलाएं अपने-अपने अंदाज में त्योहार मनाने में जुटी हुई है। जानवी वर्मा ने बताया कि विवाह के बाद ये मेरा पहला व्रत है। मन में काफी उत्साह है। अभी से पूजा की तैयारी में जुट गई हूं। ससुराल और मायके से तो तोहफा मिलेगा ही अपने हिसाब से भी जमकर खरीददारी का प्लान है। प्रति दिन अपने सुहाग के सलामती की कामना करती हूं लेकिन पहली बार विधि-विधान पूर्वक व्रत करूंगी। अंजली पांडेय ने बताया कि शादी के बाद पहला करवाचौथ को लेकर मन में जहां उत्साह है वहीं एक घबराहट भी है कि कैसे पूजा संपन्न होगी। कहीं कोई कमी न रह जाएं। हालांकि, बचपन से ही मां को पूजा करते देखती आयी हूं। इसका लाभ मिलेगा। मेरे लिए यह सिर्फ एक व्रत नहीं बल्कि खास दिन है। इस दिन को बेहतरीन तरीके से सेलिब्रेट करूंगी।