नगर के कटरा में रथयात्रा के दौरान दर्शन-पूजन को लगी भीड़। संवाद
- फोटो : 1
आजमगढ़। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ बृहस्पतिवार को निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने कंधों पर रथ खींचते हुए जयघोष किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना करके प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। सगड़ी के कठैचा कुटी में आयोजित रथयात्रा मेले का शुभारंभ मनीष मिश्र ने किया। शाम को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की आकर्षक झांकी मंदिर परिसर से निकाली गई। जो मेले क्षेत्र का भ्रमण की। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा करके परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में आम, चोटहिया जलेबी, चाट, पकौड़े, आइसक्रीम, खिलौने और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानें लगी थीं। जहां बच्चों और महिलाओं की खूब भीड़ रही। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। इस दौरान मंदिर के पुजारी सुभाष मिश्र, रवि मिश्र, नंदन दुबे, ऋषभ मिश्रा, शिवम उपाध्याय आदि रहे।
रथ की रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में मची होड़
आजमगढ़। इस्कॉन आजमगढ़ की ओर से बृहस्पतिवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ गौरीशंकर घाट से हुआ। मंडलायुक्त विवेक कुमार मुख्य यजमान रहे। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ का पूजन, छप्पन भोग अर्पण और आरती की। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ को रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। श्रद्धालुओं में रथ की रस्सी खींचने के लिए होड़ मची रही। भक्तगण रथ के आगे झाड़ू लगा रहे थे। इस्कॉन जूहू, मुंबई से आए भक्तों ने संकीर्तन और भजन प्रस्तुत किया। मातृ शक्तियों ने भगवान को चंवर डुलाने की सेवा की। रथयात्रा गौरी शंकर घाट से शुरू होकर दलाल घाट, पुरानी कोतवाली, मुख्य चौक, शंकरजी की मूर्ति और पुरानी सब्जी मंडी से होते हुए पंचशील लॉन पहुंची। जहां इसका विश्राम हुआ। हाथी, घोड़े और बैंड की आकर्षक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
पंचशील लॉन में हयग्रीव प्रभु ने दिया प्रवचन
पंचशील लॉन में जगन्नाथ पुरी से पधारे हयग्रीव प्रभु ने प्रवचन दिया। उन्होंने भगवान श्रीजगन्नाथ की महिमा पर प्रेरणादायी बातें बताईं। रथयात्रा के बाद इस्कॉन आजमगढ़ के भक्तों ने कार्यक्रम आयोजित किया। पंचशील लॉन में संकीर्तन, छप्पन भोग, आरती हुई। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। रथ यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल थे। कार्यक्रम में ओजस्वी प्रभु, रसविचार प्रभु, राधागोविंद प्रभु, सतीश प्रभु, रत्नाचार्य प्रभु, स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष थे। विभाग प्रचारक दीनानाथ, जयनाथ सिंह, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, गौरव रघुवंशी, चंदन सिंह, अशोक अग्रवाल और विधायक दुर्गा प्रसाद यादव शामिल हुए।