सरायमीर/मेजवां। तहबरपुर थाने के भिलवली गांव के पास रविवार की शाम अनियंत्रित बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। वहीं सरायमीर थाने के हसनपुर गांव और फूलपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव के पास अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी का अलग-अलग इलाज चल रहा।
मृत महिला चनौती देवी (30) पत्नी नंदलाल तहबरपुर थाने के भिलवली गांव की रहने वाली थी। वह रविवार की शाम घर के पास सड़क पार कर रही थी। इस दौरान अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गई। लोग जब तक अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। चनौती देवी तीन बेटा और एक बेटी की मां थी। इसीक्रम में सरायमीर कस्बा निवासी मो. कैफ (12), होरैरा (17), तारिक (18) सरायमीर थाने के बीनापार गांव में स्थित इंटर कालेज में पढ़ते हैं। तीनों एक बाइक पर जा रहे थे। कुत्ता बचाने में बाइक पलटने से घायल हो गए।
इसीक्रम में गंभीरपुर थाने के परशुराम गांव निवासी सजीवन कुमार चौहान (25), सूरज (28), शंकर (38) सोमवार की दोपहर एक बाइक पर बैठकर कहीं जा रहे थे। फूलपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव के पास अनियंत्रित कार की टक्कर से घायल हो गए। हादसों में घायलों का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा।
अहरौला संवाददाता के अनुसार कस्बे के आजाद गली में रहने वाले दो चचेरे भाईयों की सोमवार की सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई। दोनों लोगों की एक साथ मौत होने से कस्बे सहित क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों भाईयों की लाश का एक साथ तमसा नदी के किनारे चिता सजाकर अंतिम संस्कार किया गया।
अहरौला बाजार के आजाद गली में रहने वाले केदार सोनी (82) और दलसिंगार सोनी (75) आपस में चचेरे भाई थे। दोनों लोगों का मकान आमने-सामने था। लोगों के मुताबिक दोनों भाई बचपन से ही एक साथ ही रहते थे। अक्सर दोनों लोग साथ बैठकर एक दूसरे से बातचीत भी करते थे। करीब दो माह पूर्व से ही दोनों भाई एक साथ बीमार हुए। परिवार के लोग घर पर ही इनका इलाज करा रहे थे। जहां सोमवार की सुबह दोनों लोगों की मौत हो गई। यह चर्चा का विषय बना हुआ है।