रानी की सराय कस्बा निवासी एक युवक का शव मंगलवार की देर रात रेलवे ट्रैक पर मिला। उसकी पहचान कस्बा निवासी के रुप में हुई। परिजन मौके पर पहुंचे तो सिर में चोट के निशान देखने के बाद हत्या की आशंका जताया। वहीं जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
महाशिवरात्रि का पर्व मंगलवार को रानी की कस्बे में भी धूमधाम से मनाया जा रहा था। देर रात कस्बा के लोग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर जाने लगे तो रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर जीआरपी व थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान कस्बा निवासी 18 वर्षीय अभिनव मिश्रा पुत्र प्रदीप मिश्रा के रुप में की गई। परिजनों का कहना था कि अभिनव महाशिवरात्रि पर्व मनाने घर के सामने स्थित शिवमंदिर पर गया था। कहना है कि सिर्फ सिर में चोट के निशान है, यदि ट्रेन हादसे में मौत हुई होती तो शव का बुरा हाल हो गया होता। हत्या कर शव ट्रैक पर फेेंके जाने पर परिजनों ने आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।