आजमगढ़ जिले में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर देहात स्थित सरकारी शराब के ठेके के पास मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फूलपुर कस्बा निवासी छोटेलाल मोदनवाल (32) के रूप में हुई। वह सोमवार की रात फूलपुर रोडवेज के पास किसी काम से गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने शराब के ठेके के पास छोटेलाल का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। बताया गया कि छोटेलाल करीब एक माह पहले सूरत से घर लौटा था। वह पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। करीब पांच वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था, लेकिन बाद में संबंध विच्छेद हो गया। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।