गोरिया बाजार। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मधनापार गांव के पास सड़क किनारे राहगीरों ने युवक का शव किसी वाहन से कुचला हुआ देखा। सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बुधवार को घर से बिजली का बिल जमा करने की बात कह कर निकला था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
मधनापार गांव निवासी 28 वर्षीय नदीम पुत्र स्व. मोहम्मद युनूस बुधवार को घर से बिजली का बिल जमा करने आजमगढ़ जाने की बात कह कर निकला था। देर शाम तक वह वापस घर पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन भी किया, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला। रात हो जाने के चलते परिजनों ने सुबह तक इंतजार करने की बात सोच शांत बैठ गए। बृहस्पतिवार की सुबह गांव के लोग टहलने के लिए सड़क पर पहुंचे तो सड़क किनारे नदीम का शव किसी वाहन से कुचला हुआ पड़ा देखा। तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देख कर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं कुछ देर में बिलरियागंज पुलिस भी आ गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था और दो बच्चों का पिता था। वाहन चला कर जीविकोपार्जन करता था।