निजामाबाद। स्थानीय तहसील मुख्यालय के पास खतीरपुर तिराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा के पास बुुुधवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा हुआ लोगों ने देखा। लोगों की सूचना पर निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। शव की दशा देख लोग कहीं और हत्या किए जाने की आशंका जता रहे थे।
बुधवार की सुबह खतीरपुर तिराहे पर स्थानीय लोगों ने एक लगभग 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ देखा। शव की दशा देख कर लोग इस बात की आशंका जता रहे थे कि उसकी कहीं और हत्या की गई है और फिर शव को यहां लाकर फेंका गया है। लोगों की सूचना पर निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। काफी प्रयास के बाद भी बुधवार की शाम तक जब शव की पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर सिंह ने बताया कि शिनाख्त का प्रयास चल रहा है। शिनाख्त होते ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया जाएगा। फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई है यह कह पाना मुश्किल है। पीएम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।