रैदोपुर स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ करते आप कार्यकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। राम मंदिर निर्माण के जमीन की खरीद में गोलमाल का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने नायाब तरीके से अपना विरोध प्रदर्शित किया। बुधवार को रैदोपुर स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर ट्रस्टियों और सरकार के सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। कहा कि राम के नाम पर घोटाला करने वालों को प्रभु सजा दें।
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ के सचिव उमेश सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश के हिंदुओं ने अपने खून पसीने कमाई का जो पैसा दान किया है उसे ट्रस्ट के लोग लूट रहे हैं। आम आदमी पार्टी इस लूट को हर कीमत पर रोकेगी। लोगों की आस्था की हिफाजत और घोटालेबाजों को सजा दिलाने के लिए मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ कर प्रार्थना की गई है। इंजीनियर सुनील कुमार यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई से हुआ है। हम हिंदुओं की आस्था को ठेस नहीं पहुंचने देंगे। जब तक घोटालेबाजों को सजा नहीं मिल जाती तब तक हम संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने आप के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के आवास पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर जय प्रकाश सिंह जिला महासचिव आरटीआई सेल, इसरार अहमद जिला महासचिव, विजय यादव, उमेश यादव, नगेंद्र कुमार यादव, रामबचन यादव, प्रशांत चौहान, नागेंद्र, अन्नू राय, तनवीर रिजवी, रामरूप यादव आदि उपस्थित थे।