पल्हना। मेंहनगर थाना क्षेत्र के लवदह इमादपुर गांव निवासी लापता छह वर्षीय बालक की दूसरे दिन रविवार की सुबह गांव के पोखरे से लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची और बालक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। पुलिस का कहना है कि घर वालों का कोई आरोप नहीं है। उसके मौत की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृत बालक आर्यन मद्धेशिया (6) पुत्र रामचंद्र मेंहनगर थाना क्षेत्र के लवदह इमादपुर गांव का निवासी दो भाई और एक बहन में छोटा था। वह गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। शनिवार को आर्यन अचानक घर से गायब हो गया। काफी देर तक उसके घर न आने पर परिवार के लोग खोजने लगे। आर्यन के न मिलने पर मेंहनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और परिवार के लोग आर्यन की तलाश में जुटे ही थे कि रविवार की सुबह उसके गांव का एक व्यक्ति शौच के लिए गांव स्थित पोखरे की तरफ गया तो उसने आर्यन की लाश देखी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसकी लाश को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। प्रभारी निरीक्षक मेंहनगर विनय मिश्रा ने बताया कि लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी गई है। रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।