मेंहनगर। थाना क्षेत्र के गौरा गांव से गुजरी नहर पटरी पर शुक्रवार की सुबह एक वृद्ध का शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच पड़ताल में जुटी है।
गौरा गांव के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह शौच के लिए नहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नहर पटरी पर एक वृद्ध का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। कुछ ही देर में मृतक की पहचान शाह मोहम्मद (65) निवासी अमारी के रुप में की गई। इसके बाद सूचना परिजनों को दिया गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक दो बच्चों का पिता था।