अतरौलिया। थाना क्षेत्र के पंडौली नंदना गांव के पास शुक्रवार की सुबह स्कूटी से स्कूल जा रहे छात्र को पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतरौलिया थाना के अमारी गांव निवासी प्रभाष जायसवाल (12) पुत्र बृजेश कुमार प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था। रोज की भांति शुक्रवार को वह घर से स्कूल के लिए निकला तो स्कूल बस छूट गई। जिस पर पर पुन: घर आया और स्कूटी लेकर स्कूल के लिए रवाना हुआ। अभी वह पंडौली नंदना के पास ही पहुंचा था कि अतरैठ की तरफ से आ रही बर्फ की सिल्ली लदी पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में प्रभाष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची अतरौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की सूचना दिया। परिजनों के पहुंचने पर पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली पिकअप को अपनी कस्टडी में ले लिया।
सड़क हादसे में बाइक सवार घायल, हालत गंभीर
अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जहानागंज-सठियांव मुख्य मार्ग पर बजहा मोड़ के पास बृहस्पतिवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार वंश गोपाल सिंह (40) निवासी राउतमऊ थाना सिधारी गंभीर रुप से घायल हो गए। काफी देर तक वे सड़क पर अचेत पड़े थे। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए है। जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है।