मृतक अभय।-फाइल फोटो,पुष्पनगर बाजार
- फोटो : AZAMGARH
अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर बाजार निवासी अभय रविवार को खेलने के लिए घर से निकला था और लापता हो गया था। सोमवार को उसका शव बाजार स्थित पोखरे से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुष्पनगर बाजार निवासी कृष्ण मोहन अग्रहरी का पुत्र आठ वर्षीय अभय रविवार को घर से यह कह कर निकला कि वह खेलने जा रहा है। देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। रात होने पर भी जब बच्चे का कुछ नहीं पता चला तो परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दिया। पुलिस ने भी रातभर बच्चे की अपने स्तर से तलाश किया। सोमवार को स्थानीय लोगों ने बाजार स्थित पोखरे में जाल डाल कर बच्चे की तलाश शुरू किया। कुछ ही देर बाद बच्चे का शव पोखरी से बरामद हो गया। बालक का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पोखरे से शव बरामद होने की जानकारी होते ही एसडीएम धीरज श्रीवास्तव, सीओ रविशंकर प्रसाद समेत काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाईयों में बड़ा था। पिता गल्ला खरीद-फरोख्त का कार्य करता है तो मां पुष्पनगर बाजार में ही ब्यूटी पार्लर चलाती है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर बाजार के पोखरे में बच्चे का शव मिलने की खबर के बाद जूटी भीड़।- फोटो : AZAMGARH