20 जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर जमालुद्दीन पट्टी गांव युवक की मौत के बाद जुटी भीड़। संवाद
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर जमालुद्दीन पट्टी गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटकता मिला। युवक की पहचान देवेंद्र प्रजापति (28) के रूप में हुई है, जो गांव में ही इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाता था। घटना स्थल बेचू विश्वकर्मा के ट्यूबवेल के पीछे बाहा किनारे बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या की गई है।
उन्होंने अपने जेठ, जेठानी और सास पर जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। पत्नी और परिजनों ने पुलिस को शव ले जाने से भी रोका, जिसके बाद समझाने-बुझाने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
जीयनपुर कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा रमेश ने सुबह सूचना दी थी कि देवेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी गुड्डी देवी ने 12 अक्तूबर को ही ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति को जमीन के विवाद में मारापीटा गया और हत्या कर दी गई। देवेंद्र की शादी एक जून 2025 को हुई थी।