महराजगंज। थाना क्षेत्र के शाहपुर घाट के पास सरयू नदी में सोमवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के पठौतिया गांव का निवासी था। छह दिन पूर्व घर से खेत देखने निकला था।
महराजगंज थाना क्षेत्र के सरयू नदी स्थित शाहपुर घाट के पास सोमवार की सुबह ग्रामीण शौच आदि के लिए पहुंचे तो एक शव उतराया हुआ देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को नदी से बाहर निकाल कर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। कुछ ही देर में मृतक की शिनाख्त गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना अंतर्गत पठौतिया गांव निवासी लालचंद (35) के रुप में की। मृतक का खेत नदी पार आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना अंतर्गत शाहपुर ग्राम सभा में है। बीते 11 जनवरी को वह दिन में खेत देखने की बात कह कर घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। तब से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। बेलघाट थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।