गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हर गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नाबदान के पास एक व्यक्ति मृत हाल में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर देर शाम उसकी पहचान हुई।
मुड़हर गांव के बाहर नाबदान के पानी की निकासी की व्यवस्था है। शनिवार की सुबह गांव के लोग जब शौच करने व टहलने के लिए निकले तो इसी नाबदान के पास एक व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा। जांच करने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर काफी देर तक शिनाख्त का प्रयास किया। प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर शनिवार की देर शाम मृतक की पहचान उबारपुर निवासी 50 वर्षीय रामधारी पुत्र स्व. मुखलाल के रूप में की गई। शुक्रवार को वह बेलऊपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र के यहां आयोजित गोदभराई के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। चौकी प्रभारी गोसाई की बाजार संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।