आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के चौबाना मोहल्ले में बुधवार सुबह बंद पड़े दो मंजिला मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के कारण मकान में रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे छत और दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सौभाग्यवश, मकान में कोई नहीं होने के कारण इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, यह मकान पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा था। एक साल पहले पट्टीदारी की रंजिश में हुई हत्या के मामले में इस मकान के सभी परिवारजन जेल में हैं और तब से मकान में ताला लगा हुआ था।
बुधवार सुबह अचानक मकान में आग की लपटें दिखने पर पड़ोसियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और मकान में रखे अन्य खाली सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग लगने का कारण दीपावली के दौरान पटाखों से होने की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की समयबद्ध कार्रवाई से आग को अन्य मकानों तक फैलने से रोका गया। सिधारी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। थानाध्यक्ष सिधारी हिमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना का कारण पता नहीं चल सका है। परिवार के सदस्य हत्या के मामले में जेल में हैं।