फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: छठवें दिन शुरू हुई सिलिंडर की बुकिंग, गैस एजेंसियों के गोदामों की सुरक्षा बढ़ी; एजेंसी पर भोर से ही भीड़

Sat, 14 Mar 2026 05:25 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़।

सार

Azamgarh News: अंबारी के फूलपुर क्षेत्र में भी गैस एजेंसियों पर इन दिनों उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं। सुबह चार बजे से लेकर देर शाम तक लोग गैस सिलिंडर और केवाईसी कराने के लिए एजेंसियों के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार को सुदनीपुर के सिलिंडर के गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी।
विज्ञापन
एजेंसी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते उपभोक्ता। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

LPG Crisis: गैस सिलिंडर की कमी के बीच पांच दिनों से डाउन सर्वर के ठीक होने के बाद उपभोक्ताओं की फिर से बुकिंग शुरू हो सकी। इसके बाद प्रक्रिया सामान्य हो सकी। उपभोक्ताओं के साथ ही गैस वितरकों ने भी राहत की सांस ली। पांच दिनों से गैस कंपनियों का सर्वर बार-बार डाउन हो जा रहा था। इसके कारण मोबाइल से बुकिंग नहीं हो पा रही थी। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम और अफवाह की स्थिति बनी हुई थी। इसके कारण लोग गैस एजेंसियों के चक्कर काटते रहे।

विज्ञापन


जिले में गैस सिलिंडर की कमी की अफवाहें भी तेजी से फैलने लगी थीं। अफवाहों के चलते कई उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंचकर जानकारी लेने लगे, इससे एजेंसियों पर भीड़ उमड़ने लगी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से गैस एजेंसियों पर पुलिस की तैनाती कर दी है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न पैदा हो। गैस वितरकों का कहना है कि जिले में गैस सिलिंडर की कमी नहीं है। 

सर्वर डाउन होने की बात

सर्वर की तकनीकी समस्या से ही बुकिंग प्रभावित हुई थी। अब सर्वर के ठीक होने के बाद बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया सामान्य हो सकी। उधर, प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत के मुताबिक ही सिलिंडर की बुकिंग कराएं। साथ ही एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, व्यवस्था सुचारु रहे। 

एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में गैस सिलिंडरों की किल्लत नहीं है। सर्वर चलने से गैस की बुकिंग भी शुरू हुई है। उपभोक्ताओं से अपील है कि वे बुकिंग के लिए अनावश्यक एजेंसी पर न आएं, वे अपने घर से ही बुकिंग करें। ताकि यहां भीड़ न हो।

नहीं निकल रही गाड़ियां, एजेंसियों से ही वितरण
वर्तमान में गैस सिलिंडर का वितरण एजेंसी से ही हो रहा है। पहले प्रत्येक एजेंसी के वाहनों की ओर से गांव-गांव आपूर्ति की जा रही थी। इधर, बदले परिवेश में बुकिंग के बाद ही उपभोक्ता को सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। अब सिलिंडर लादकर गाड़ियां गांवों में नहीं निकल रही हैं।

प्रयोजन के लिए चाहिए सिलिंडर तो पहले से करा लें बुकिंग
अब लगन का सीजन समाप्त हो रहा है। इससे एजेंसी धारकों ने भी राहत की सांस ली है। गैस सिलिंडर के लिए पहले बुकिंग कराना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना बुकिंग सिलिंडर नहीं मिल सकता। ऐसे में शादी-विवाह आदि प्रयोजन वाले घरों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इसमें जिनके घर प्रयोजन है वे अगल-बगल से बुकिंग करा सकते हैं, इससे जितनी बुकिंग है, उतने सिलिंडर दिए जा सकें।

इंडक्शन चूल्हों की बिक्री 10 फीसदी तक बढ़ी
गैस सिलिंडर की किल्लत से इंडक्शन चूल्हों की मांग पांच से 10 फीसदी तक तेजी से बढ़ी। छात्र, नौकरीपेशा और छोटे परिवार तेजी से इसे अपना रहे हैं, बिक्री में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां इंडक्शन चूल्हे सीमित संख्या में बिकते थे, वहीं अब ग्राहकों का तेजी से इसके प्रति रुझान बढ़ा है। 

दुकानदार मिथिलेश ने बताया कि दो-तीन दिनों से इंडक्शन की खरीदारी के लिए रोजाना 10 ग्राहक आ रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि बाजार में 1700 रुपये से लेकर 5000 हजार रुपये तक के अलग-अलग कंपनियों के इंडक्शन चूल्हे उपलब्ध हैं। हर व्यक्ति सहूलियत के अनुसार इनकी खरीदारी कर रहा है। 

दुकानदारों के पास रखा इंडेक्शन का स्टॉक भी कई जगह खत्म हो गया। इसके कारण उन्हें ग्राहकों को लौटाना पड़ रहा है। दुकानदारों ने नए ऑर्डर अभी नहीं आए है। टीसू इलेक्ट्रॉनिक के प्रोपराइटर सुधीर बरनवाल ने बताया कि हमारे 250-300 इंडक्शन थे जो एक हफ्ते में बिक गए। अब ग्राहकों को लौटाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

पूर्ति निरीक्षक ने एजेंसियों का किया निरीक्षण
एलपीजी सिलिंडर के लिए क्षेत्र में भीड़ के बीच शुक्रवार को वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने मेंहनगर की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। खरिहानी, कम्हरिया व पल्हना स्थित एजेंसी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एजेंसी संचालकों से सिलिंडर वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उपभोक्ताओं से भी बातचीत की। बताया कि कुछ स्थानों पर ओटीपी आने में दिक्कत की शिकायतें मिल रही हैं, जो सर्वर संबंधी समस्या के कारण हो रही है। हालांकि, आपूर्ति सामान्य है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें