मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशवां गांव में रविवार को दिन में एक कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। इस घटना में एक महिला व मवेशी दब कर घायल हो गए। आनन-फानन में मलबा हटा कर महिला को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो-तीन दिनों से रह-रह कर हो रही बरसात ने जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशवां गांव निवासी नरेंद्र कुमार का कच्चा घर रविवार को दिन में एक बजे बरसात के चलते भर-भरा कर गिर गया। इस हादसे में नरेंद्र की पत्नी 45 वर्षीया रीना मलबे में दब गई। इसके साथ ही नरेंद्र की एक भैंस भी मलबे में दब गई। कच्चा मकान गिरते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन व ग्रामीण जुट कर मलबा हटाए और दबी महिला और भैंस को बाहर निकाला। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए पीएचसी मार्टीनगंज लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए हैं। भैंस का भी पशु चिकित्सक से इलाज कराया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार मलबे में पूरी गृहस्थी ही दब गई है। अनाज के साथ ही सारा सामान मलबे में दबा हुआ है। सूचना पर हलका लेखपाल हसनैन ने मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट एसडीएम मार्टीनगंज को सौंप दी।