तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार में शनिवार की रात साढ़े आठ बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने क्लिनिक पर बैठे डाक्टर को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि बदमाश फरार हो गये।
घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बंगाल के रहने वाले चंद्रशेखर विस्वास काफी दिनों से तरवां थाने के खरिहानी बाजार में रहकर प्राइवेट क्लिनिक चलाते हैं । यहीं पर परिवार सहित रहते हैं । करीब एक सप्ताह पहले एक बदमाश फोन कर दो लाख की रंगदारी मांगा था।
इस संबंध में तरवां थाने में तहरीर दी गयी थी। पुलिस अभी जांच पड़ताल कर ही रही है कि शनिवार की रात साढ़े आठ बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और चंद्रशेखर को गोली मार दी।
लोग जब तक कुछ समझ पाते की बदमाश फरार हो गये। सीओ लालगंज संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।