बेखौफ बदमाश रविवार की सुबह दस बजे मेहनाजपुर थाने से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित चकिया कसरावल गांव के पास तमंचे से भयभीत कर दंपति से बाइक, मोबाइल और मंगलसूत्र लूट ले गए। बदमाश एक बाइक पर सवार दो की संख्या में थे। दिन दहाड़े हुई लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। पुलिस अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।
गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र के दाहरमावा (कौड़ा) गांव निवासी प्रकाश पुत्र विवेचन राम रविवार की सुबह अपनी पत्नी ममता देवी को बाइक पर बैठाकर पल्हना बाजार स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहा था। मेहनाजपुर बाजार पार कर थाने से डेढ़ सौ मीटर दूर चकिया कसरावल गांव के पास पहुंचा कि सामने से आ रहे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने प्रकाश की बाइक रोक दी। बदमाश उसके कनपटी पर तमंचा सटाकर बाइक और मोबाइल, ममता के गले से मंगलसूत्र ले लिए और मेहनाजपुर थाने की ओर भाग निकले।
घटना से भयभीत पति-पत्नी बाजार में पहुंचकर लोगों को लूट के बारे में बताए। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। थाने के पास हुई लूट की घटना से हलाकान दरोगा और सिपाही ने बदमाशों को पकडने के लिए सक्रियता दिखाई लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उधर दिन दहाड़े हुई लूट की घटना पर लोगों का कहना है कि जब थाने के आसपास लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो क्षेत्र की स्थिति क्या होगी। सीओ लालगंज एसपी तोमर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।