निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिदाबाद बाजार में गुरुवार को सुबह 11 बजे होली खेलने के दौरान गुजर रहे एक वर्ग विशेष के ऊपर रंग डालने से दो वर्गों के लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान हुई मारपीट में पुलिसकर्मी सहित 12 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक जमकर पथराव हुआ।
हालांकि मौके पर मौजूद नायब दरोगा और सिपाहियों ने मामले को संभालने का प्रयास किया। लेकिन वे असफल रहे। अपराह्न दो बजे मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही पर थानाध्यक्ष निजामाबाद को निलंबित कर दिया। साथ ही सांप्रदायिक तनाव देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कराई।
आजमगढ़-शाहगंज मार्ग पर निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिदाबाद बाजार में गुरुवार को लोग होली खेल रहे थे। इस दौरान आजमगढ़ की तरफ से आ रहे बाइक सवार एक वर्ग विशेष के दपंती गुजरे। तभी उनके ऊपर रंग पड़ गया। घटना के कुछ देर बाद भारी संख्या में लोग लाठी-डंडे से लैस होकर बाजार पहुंचे और दूसरे वर्ग पर हमला बोल दिया।
किसी ने सूचना पुलिस को दी तो थानाध्यक्ष निजामाबाद सुरेश यादव, चौकी प्रभारी फरिहां बृजेश मौर्य, नायब दरोगा आरके सिंह व अशोक यादव सहित दो सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराना चाहा लेकिन हमलावारों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस असहाय हो गई।
दोनों तरफ से घंटों पथराव किया गया। जबकि पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हमलावरों की पिटाई से खुदादादपुर गांव निवासी सुबेदार यादव, बल्लू यादव, रमन यादव, संतोष राम, किरन पत्नी संजय, मुन्नी देवी पत्नी बासदेव घायल हुए। इसके अलावा हमलावरों ने डा. जियालाल की स्कार्पियो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बाद में भारी संख्या में फोर्स पहुंची तो दोनों पक्ष शांत हुए। अपराह्न दो बजे के करीब जिलाधिकारी सुहास एलवाई और पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्रा घटना स्थल पर पहुंचे। घटनाक्रम से अवगत होने के बाद एसपी ने थानाध्यक्ष निजामाबाद सुरेश यादव को निलंबित कर दिया।
साथ ही तनाव को देखते हुए मौके पर दो चरणों में सीओ और एसडीएम की मौजूदगी में पुलिस बल की तैनाती की। एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष ने इस बाजार में किसी पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं लगाया था। एसपी ने कहा कि इस घटना में घायल हुए लोग अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं।
आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बताते चलें कि घायल पुलिस कर्मी को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर शांति है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंडलायुक्त आरपी गोस्वामी और डीआईजी उमेश चंद श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।