फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुरासो (तकिया) गांव में शुक्रवार की दोपहर रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस दौरान दोनों तरफ से लाठी-डंडा, चाकूबाजी और घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई। चोट लगने से दोनों तरफ के नौ लोग घायल हुए। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए एक पक्ष ने फायरिंग भी की। ऐन वक्त पर पुलिस पहुंच गई और मामले में बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। सीओ फूलपुर ने कोतवाल को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
घायल होने वालों में एक पक्ष से सलमान (20), सहबान (22), नोमान (24), फरहान (18), रेहान (19) और मुसतरी (50) पत्नी हेसामुद्दीन तथा दूसरे पक्ष से अबरार (45), राशिद (18) और साजिद (22) शामिल हैं। सीओ फूलपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि एक पक्ष ने अपनी बेटी की शादी कर दी है। दूसरे पक्ष का युवक बेटी के ससुराल में फोन कर उससे बात करता है। इस बात की जानकारी होने पर लड़की के घरवाले पूछने लगे, जिससे नाराज होकर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
इस दौरान दोनों तरफ से लाठी-डंडा, चाकूबाजी और घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई। इस दौरान दरवाजे पर खड़ी बाइक आदि भी तोड़ दी गई। दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक पक्ष ने फायरिंग किया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी लेकिन लाठी-डंडा की चोट से नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। जानकारी होने पर सीओ फूलपुर, कोतवाल फूलपुर मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। पुलिस घायलों को अस्पताल भेजवाई। सीओ ने बताया कि मामला अभी शांत है। घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का कोतवाल को निर्देश दिया गया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।