कालाबाजारी को जा रहा अनाज पकड़ा गया
रानी की सराय थाना क्षेत्र के बेलइसा के पास सर्किट हाउस के बगल में भारी मात्रा में सरकारी अनाज को डंपकर उसका कालाबाजारी किया जा रहा था। रविवार को गांव वालों ने रंगेहाथ पकड़ा तो उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर, पूर्ति निरीक्षण और रानी की सराय थाने की पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली पर लगे अनाज को बरामद किया। जबकि दो ट्रक राशन पहले ही यहां से जा चुका था। अनाज लदा ट्रैक्टर ट्राली पुलिस के कब्जे में है। पूर्ति निरीक्षक को मामले की जांच सौंपी गई है।
आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित बेलइसा गांव सर्किट हाउस के बगल में स्थित है। सर्किट हाउस में हमेशा अधिकारियों और नेताओं का आना-जाना लगा रहता है। इसलिए किसी अधिकारी का इस तरफ ज्यादा ध्यान नहीं जाता। इसके अलावा, डीआईजी और मंडलायुक्त का इसी क्षेत्र में निवास स्थान है। इसकी वजह से लोग इस क्षेत्र को महफूज समझते हैं। शायद यही कारण है कि ज्यादातर कालाबाजारी करने वाले इसी क्षेत्र में अपना अड्डा या गोदाम बनाए हुए हैं।
रविवार को छुट्टी का दिन और तेज धूप का फायदा उठाते हुए एक गल्ला माफिया अपने गोदाम में डंप सरकारी अनाज को भरवाकर कालाबाजारी के लिए भेजवा रहा था। पहले तो क्षेत्रीय लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया लेकिन लगातार दो ट्रक निकलने से लोगों के कान खड़े हो गए। इसके बाद ग्रामीण ताक में बैठ गए। तभी एक ट्रैक्टर ट्राली वहां पहुंची और ट्राली पर गोदाम से सरकारी अनाज लदने लगा।
गांव वालों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में वहां एसडीएम सदर, पूर्ति निरीक्षक सदर और रानी की सराय थाने की पुलिस पहुंच गई। अधिकारियों ने ट्रैक्टर ट्राली पर लदे सरकारी खाद्यान्न लेकर थाने चले गए। मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में रानी की सराय थाने के प्रभारी निरीक्षक गिरीशचंद्र सेठ ने बताया कि खाद्यान्न लदा ट्रैक्टर ट्राली थाने में खड़ी है। अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। जबकि एसडीएम सदर अभय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक सदर को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।