मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव स्थित तमसा नदी में सोमवार की दोपहर नहाते समय एक छात्र डूब गया जबकि दो ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। डूबे छात्र की तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं। तीनों शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र हैं। छुट्टी लेकर एक ही स्कूटी पर सवार होकर घूमने निकले थे। इस दौरान वे नदी में नहाने चले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गुलामी का पूरा मुहल्ले के पास स्थित आवास विकास कालोनी निवासी अधिवक्ता उमेश कुमार मिश्रा का बेटा आशुतोष (14) एलवल मुहल्ला स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल का छात्र है। सोमवार को स्कूल में बैग रखकर ज्ञानोदर कालोनी निवासी शिवम मिश्रा (14) पुत्र और कोटकिला मुहल्ला निवासी मो. अकबर (13) के साथ एक स्कूटी पर बैठकर बम्हौर गांव घूमने चला गया।
दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश होने से नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास तीनों छात्र वहीं पर तमसा नदी में नहाने लगे। पानी में खेलते समय तीनों गहराई में चले गए। शिवम और अकबर ने किसी तरह से अपनी जान बचाई लेकिन आशुतोष गहरे पानी में चला गया। उसका कोई पता नहीं चलने पर साथ में मौजूद अन्य दोनों लड़कों ने घर पर सूचना दी।
घटना की जानकारी होने पर वहां एसओ मुबारकपुर संतलाल यादव मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से आशुतोष को ढूंढवाने लगे। शाम साढ़े चार बजे तक आशुतोष का कोई पता नहीं चल सका था। गोताखोर उसे तलाशने में जुटे रहे। आशुतोष दो भाइयों में बड़ा और कक्षा 10 का छात्र है।