ब्लॉक प्रमुखी चुनाव को लेकर पवई थाने के भूखली गांव में मारपीट और हवाई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव के भतीजे सहित सात को पुलिस ने गुरुवार को एसीजेएम की अदालत में पेश किया। कोर्ट ने इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सपा पक्ष से मामला जुड़ा होने के नाते पुलिस असलहों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जांच कमेटी गठित करने जा रही है।
बता दें कि पवई ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पूर्व ब्लॉक प्रमुख बृजलाल यादव अपने चालक सुभाष राम की पत्नी मुन्नी देवी को चुनाव लड़ा रहे हैं। बुधवार की शाम वह भूखली गांव के बीडीसी शकुंतला देवी के पति प्रह्लाद राम के साथ कुछ बातचीत कर रहे थे।
तभी पूर्व सांसद रमाकांत यादव के बेटे पूर्व विधायक अरुण यादव पहुंच गए। अरुण अपने किसी नौकरानी को प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाए हुए हैं। पुलिस ने वीरेंद्र यादव के अलावा राजेश यादव, ओमप्रकाश यादव, सोनू यादव, दिलीप कुमार, रामसकल प्रजापति और लालबहादुर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया।
शेष आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उधर, इन आरोपियों के पास से पुलिस ने दो बंदूक, एक रायफल और एक पिस्टल बरामद की है। बरामद खोखे से फायरिंग हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। यदि फायरिंग होने की पुष्टि हो जाती है तो लाइसेंस निरस्त की कार्रवाई की जाएगी। एसओ पवई सुहेल अख्तर सिद्दीकी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।