देवगांव कोतवाली और क्राइम ब्रांच गाजीपुर की टीम ने शुक्रवार की सुबह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पल्हना बाजार से 18 लाख की सरिया लदा लूटा गया ट्रक बरामद कर लिया गया। पुलिस ने लूट का माल लेने वाले एक ग्राम प्रधान सहित दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। दो नवंबर की रात यह ट्रक गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र से लूटा गया था। बदमाशों ने चालक और खलासी को बंधक बनाकर खानपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया था। तभी से पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई थी।
बिहार निवासी अजय कुमार देवरिया के एक ट्रांसपोर्टर का ट्रक चलाता है। गुड्डू प्रजापति नामक युवक ट्रक पर खलासी था। दो नवंबर को अजय और गुड्डू ट्रक पर वाराणसी से 18 लाख रुपये की सरिया लादकर जा रहे थे। रास्ते में गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र में लुटेरों ने ट्रक के चालक और खलासी को बंधक बनाकर ट्रक लूट लिया। चालक और खलासी को गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया और सरिया लदा ट्रक लेकर भाग गए।
होश आने के बाद चालक अजय और खलासी गुड्डू खानपुर थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मुखबिर की सूचना पर देवगांव कोतवाल मुनीष चौहान ने क्राइम ब्रांच गाजीपुर से संपर्क किया। शुक्रवार की सुबह पुलिस की संयुक्त टीम पल्हना बाजार के बिल्डिंग मैटेरियल की दूकान पर छापेमारी कर ट्रक बरामद कर लिया। कोतवाल ने बताया कि यह दूकान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के प्रधान संजय की है।
दूकान में सरिया को रखा गया था। पुलिस संजय की निशानदेही पर जहानागंज थाना क्षेत्र के अमठा गोपालपुर गांव निवासी गुड्डू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। संजय ने बताया कि ट्रक गुड्डू ही लेकर आया था। घटना की रिपोर्ट खानपुर थाने में दर्ज थी। इसलिए आरोपी और लूट का माल वहां की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सरिया लदा ट्रक लूट की घटना गाजीपुर जिले के खानपुर क्षेत्र में हुई थी। ऐसे में बरामद ट्रक, सरिया और आरोपियों को खानपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच आजमगढ़ की देवगांव पुलिस करेगी। - कुंतल किशोर, पुलिस अधीक्षक