शहर कोतवाली क्षेत्र के दलालघाट मुहल्ले में शनिवार की शाम मस्जिद के नमाज पढ़कर लौट रहे एक युवक को मनबढ़ों ने पीटकर घायल कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद मुहल्ले में तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलने पर तत्काल एसपी सिटी कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाजबहादुर मुहल्ला निवासी मुशर्रफ (25) पुत्र अबूकलाम शनिवार की शाम नमाज पढ़ने के लिए दलालघाट मुहल्ले में स्थित मस्जिद में गए थे। नमाज पढ़कर वह घर लौट रहे थे। रास्ते में मौजूद कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे पीटकर घायल कर दिया। इससे नाराज लोग कार्रवाई की मांग करते हुए मुहल्ले में इकट्ठा हो गए। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी जुटने लगे। सड़क पर भीड़ आ जाने से कोट चौराहा जाम हो गया।
घटना की जानकारी होने पर एसपी सिटी विनोद कुमार, एसडीएम सदर अशोक कुमार सिंह, सीओ नगर केके सरोज कई थानों की पुलिस और पीएसी लेकर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवा दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
शहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला शांत है। लेकिन तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।