फैजाबाद, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर सहित अन्य जिलों में लूट सहित अन्य कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को रविवार की सुबह मुबारकपुर थाने की पुलिस ने घेरेबंदी कर दरियाबाद पुल से गिरफ्तार कर लिया। चारों लुटेरे किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। इस बात का खुलासा करते हुए एसपी सिटी विनोद कुमार ने बताया कि इनके पास से लूटी गई दो बाइक, तीन तमंचा, कारतूस, रामपुरी चाकू बरामद हुआ।
एसपी सिटी ने बताया कि मुबारकपुर थाने के हरैया चट्टी के पास शनिवार की शाम सात बजे लूट की नीयत से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने मऊ जिले के खैराबाद गांव निवासी मुहम्मद हुसैन को गोली मार दी। हाथ में गोली लगने से हुसैन घायल हो गया। इस घटना के बाद मुबारकपुर थाने की पुलिस सरगर्मी से बदमाशों को तलाशने लगी।
रविवार की भोर में एसओ बृजेश यादव को सूचना मिली कि बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने मऊ की तरफ जा रहे हैं। थानाध्यक्ष मयफोर्स दरियाबाद पुल के पास बाइक सवारों को पकड़ लिए।
इनमें अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाने के कुर्मीपुर मठिया गांव के शैलेंद्र सिंह गुड्डू, इसी थाने के सवरगा निवासी हिंमांशू सिंह और उदयपुर गांव निवासी बृजेश उपाध्याय और पवई थाना क्षेत्र के सुलेमापुर गांव निवासी विवेक मिश्रा का नाम शामिल है।
पुलिस इनके पास से लूट की दो बाइक, तीन तमंचा, तीन कारतूस एक रामपुरी चाकू बरामद की। लुटेरों ने कबूल किया कि वह 21 जुलाई की सुबह मुबारकपुर थाने के बनकट पुलिस चौकी के पास वेस्टर्न यूनियन व्यवसायी से 1.72 लाख रुपये की लूट और 19 दिसंबर की शाम फूलपुर के मुड़ियार गांव के पास बाइक लूटने के चक्कर में उसे गोली मारे थे।
हालांकि पुलिस रुपया लूटने वाले दो अन्य बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एसओ मुबारकपुर बृजेश यादव ने बताया कि गिरफ्त में आए चारों बदमाश फैजाबाद, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, जौनपुर में भी लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं।
गिरफ्तार बृजेश उपाध्याय पर आजमगढ़ के विभिन्न थानों में दस मुकदमे, शैलेंद्र सिंह गुड्डू पर फैजाबाद, सुल्तानपुर, अंबेडकर आदि जिलों में सात मुकदमे, हिमांशु पर आजमगढ़ और अंबेडकर नगर में चार मुकदमे और विवेक पर लूट के दो घटनाओं में शामिल होने की रिपोर्ट दर्ज है।