सिधारी थाने के समेंदा बाजार में बुधवार की शाम उधार शराब न देने से नाराज आरोपियों ने सेल्समैन की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद दूकान में बैठकर शराब पी रहे लोग फरार हो गए। जानकारी होने पर एसपी सिटी विनोद कुमार मौके पर पहुंच गए और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के आदमपुर मझौरा गांव निवासी लालचंद यादव (45) सिधारी थाना क्षेत्र के समेंदा बाजार में स्थित देशी शराब की दूकान पर सेल्समैन थे। दूकान शहर के बड़े शराब कारोबारी गुड्डू जायसवाल की है। बुधवार की शाम साढ़े छह बजे के करीब छह सात लोग दूकान में बैठ कर शराब पी रहे थे।
कुछ लोग काउंटर पर खड़े थे। तभी जहानागंज थाना क्षेत्र निवासी सुभाष पासी वहां पहुंचा और उधार शराब मांगने लगा। लालचंद ने उधार देने से इंकार कर दिया तो मनबढ़ उन्हें पीटने लगे। इसी दौरान एक ने लालचंद के पेट में चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ लालचंद जमीन पर गिर पड़े।
वारदात के बाद आरोपियों सहित दूकान के आसपास मौजूद लोग भाग निकले। घटना के कुछ देर बाद एसपी सिटी विनोद कुमार, सीओ सदर डा. केके सरोज, सिधारी थाने के कार्यवाहक प्रभारी हरेंद्र यादव आदि पहुंच गए।
देर रात सुभाष पासी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस अधीक्षक नगर विनोद कुमार ने बताया कि सेल्समैन की हत्या शराब के लेनदेन में हुई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।