मेंहनगर कस्बे से सटे खरिहानी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के कैशियर को घायल कर 1.25 लाख रुपये लूटने के मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस की जांच में मामला मारपीट का निकला। इसके बाद पुलिस ने दी गई तहरीर को बदलवाकर हत्या का प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़ की धारा में दर्ज कर लिया। इसमें दो नामजद सहित 12 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
उधर, घटना को अंजाम देते समय मनबढ़ों ने नोजल भी तोड़ दिया था जिसकी वजह से शनिवार को पूरे दिन पंप बंद रहा। पंप बंद होने की वजह से तेल भराने वाले इधर-उधर भटकते नजर आए।
गाजीपुर जिले के जयकिशन साहू का मेंहनगर कस्बे से सटा खरिहानी मार्ग पर पेट्रोल पंप है। उनका भांजा अंबरीश गुप्ता कैशियर के पद पर काम करता है। शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे अंबरीश अपने केबिन में बैठा हुआ था। तभी दस से अधिक की संख्या में नकाबपोश बदमाश पंप के पीछे से पहुंचे और केबिन में घुसकर अंबरीश को लात, घूसों से पीटा। साथ ही नोजल तोड़कर नष्ट कर दिया और सीसी टीवी कैमरा उखाड़ ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद कैशियर ने 1.25 लाख रुपये की लूट बताते हुए थाने में तहरीर दी। लूट की घटना से हलाकान पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और पूछताछ की तो पता चला कि यह घटना लूट की नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट की है। कैशियर ने क्यों लूट बताया यह बात भी जांच का विषय है।
इसके बाद पुलिस ने तहरीर बदलवा दिया और देर रात को जयकिशन के भाई छोटेलाल की तहरीर के आधार पर मेंहनगर थाना क्षेत्र के हटवा खालसा गांव निवासी चंद्रजीत यादव, गहुनी निवासी जवाहिर मौर्य को नामजद और 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया।
एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि लूट करने वाले रुपये की फिराक में रहते हैं। हमला बोलकर मारते नहीं है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों और पंपकर्मी से पूर्व में दो बार मारपीट हुई थी। इसमें एक युवक का पुलिस ने शांति भंग की धारा में चालान भी किया था। रंजिश के चलते मनबढ़ों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।