तरवां थाना क्षेत्र के नरायनपुर कंचनपुर बाजार में आभूषण की दूकान से बुधवार की दोपहर एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक लाख रुपये नगद और सात लाख रुपये मूल्य का आभूषण लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। दिनदहाड़े लूट से बाजार में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी सिटी शकील अहमद खां मौके पर पहुंचे व घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए सीओ लालगंज के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया है।
गाजीपुर के भुड़कुड़ा थाने के सतरजहांपुर गांव के मनोज वर्मा का एक मकान तरवां थाने के नरायनपुर कंचनपुर बाजार में भी है। उसी में उनकी आभूषण की दूकान भी है। मनोज के मुताबिक बुधवार की दोपहर ढाई बजे वे दूकान में बैठे हुए थे, तभी एक बाइक से तीन बदमाश मुंह बांधे वहां पहुंचे। उनमें एक बाइक पर बैठा रहा दूसरा दूकान के बाहर खड़ा हो गया और तीसरे ने दूकान में घुस कर उन्हें तमंचा सटा दिया।
इसके बाद दूकान में रखे एक लाख रुपये नगद और करीब सात लाख के आभूषण समेटकर निकल गया। तभी दूकान के बाहर खड़े बदमाश ने दो राउंड हवाई फायरिंग की और तीनों बाइक से फरार हो गए। उधर, लूट और फायरिंग से बाजार में दहशत फैल गई। पीड़ित मनोज वर्मा ने पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी।
एएसपी सिटी शकील अहमद खां ने बताया कि बदमाश कितने का माल ले गए हैं। अभी सही जानकारी नहीं हो सकी है, न ही तहरीर मिली है। अंदाजा है कि करीब तीन से चार लाख का सामान गया होगा। सही जानकारी तहरीर मिलने पर ही होगी। घटना के खुलासे के लिए सीओ लालगंज के नेतृत्व में तरवां, मेहनाजपुर और क्राइम ब्रांच की तीन अलग-अलग टीम का गठन किया गया है।