थाना क्षेत्र के बढ़या गांव से मजदूर को अगवा करने के आरोप में शनिवार को पुलिस ने गुटखा मालिक मुन्ना पांडेय का चालान कर दिया। वहीं, इसी मामले में राइस मिल मालिक के पिता ने 40 लोगों के विरुद्ध आग लगाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब लापता युवक की तलाश में जुटी है।
एसओ अतरौलिया कृपाशंकर मौर्य के अनुसार, उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र के श्रीनगर पीपरखेड़ा गांव निवासी आनंद वर्मा शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलघाट मुहल्ला निवासी मुन्ना पांडेय के कंधरापुर क्षेत्र में स्थित गुटखा फैक्ट्री में काम करता था। राइस मिल मालिक सोनू पुत्र सिराजुद्दीन के यहां रह रहा था।
सात सितंबर की शाम मुन्ना अपने मित्रों के साथ राइस मिल से उसे अगवा कर अपने साथ लेकर चला गया। दूसरी तरफ, वैसपुर गांव निवासी रामधवल निषाद के लापता बेटे चंदन के इस राइस मिल से अपहरण होने की आशंका पर ग्रामीणों ने राइस मिल में आग लगा दी थी। इस मामले में शनिवार को राइस मिल मालिक सोनू के पिता सिराजुद्दीन ने क्षेत्र के 40 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।