समदी गांव में स्थित नरायनगंज बाजार में सोमवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे चैनल गेट का ताला तोड़कर क्लिनिक में घुसे बदमाशों ने महिला डॉक्टर को घायल कर नकदी सहित एक लाख रुपये का आभूषण लूट ले गए। जाते समय बदमाश डॉक्टर को उठाकर ले जा रहे थे लेकिन ऐन वक्त पर किसी गाड़ी की रोशनी पड़ने पर छोड़कर फरार हो गए। वहां पहुंचे लोगों ने उसका इलाज करवाया। मंगलवार को डॉक्टर ने मामले में तहरीर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मुआयना की।
जौनपुर के सरपतहां थाने के पट्टी नरेंद्र गांव निवासी डा. सुमन सिंह (32) पत्नी पप्पू सिंह चार वर्ष से अहरौला थाने के समदी गांव में स्थित नरायनगंज बाजार में मोहन सिंह के मकान में क्लिनिक चलाती हैं। इसी मकान में रहती भी हैं। इनका मकान बाजार से करीब दो सौ मीटर दूरी पर है। स्त्री रोग विशेषज्ञ होने की वजह से यहां अक्सर मरीजों की भीड़ लगी रहती है। सुमन के यहां सहयोगी के तौर पर एक व्यक्ति रहता था लेकिन सोमवार को वह कहीं गया था। सुमन सिंह घर में अकेली थी। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे छह लोग भीतर से बंद चैनल का ताला तोड़कर घुस गए।
कमरे में सो रही सुमन सिंह के सिर पर लोहे की राड से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। सिर में चोट लगने से सुमन बेहोश हो गईं। बदमाश छह हजार रुपये, सुमन के शरीर पर मौजूद आभूषण सहित एक लाख के गहने ले लिए। बदमाश सुमन को उठाकर कहीं ले जा रहे थे लेकिन करीब दो सौ मीटर पहुंचे कि किसी गाड़ी की रोशनी पड़ी तो सुमन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल के नजदीक राइस मिल होने से वहां मजदूर पहुंच गए। उनके शोर मचाने पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। सुमन सिंह का स्थानीय स्तर पर इलाज करवाया गया। मंगलवार शाम घटना की सूचना मिलने पर एसओ अहरौला मौके पर पहुंचे और मुआयना कर वापस लौट गए। एसओ विजय प्रताप यादव ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।