तरवां थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास बुधवार की रात करीब सवा आठ बजे बाइक सवार बदमाशों ने दवा कारोबारी लालता प्रजापति (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर दो मोटरसाइकलों से पहुंचे चार पुलिस कर्मियों को खदेड़कर भगा दिया और उनकी मोटरसाइकलें फूंक दीं। सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी पहुंच गए। हत्या पुरानी रंजिश में की गई है।
खुटहन गांव निवासी लालता प्रजापति की बुंगरिया बाजार में दवा की दूकान है। रात में दूकान बंद कर वह घर जा रहे थे कि बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। जब तक ग्रामीण जुटते, बदमाश भाग गए।
लालता के छोटे भाई लालजी प्रजापति की हत्या भी जनवरी, 2015 में गांव के पास ही हो चुकी है। लालता इस मामले में वादी और गवाह भी थे। लालजी की हत्या में खुटहन का इनामी बदमाश धर्मेंद्र सिंह नामजद आरोपी है। जमीन विवाद में उस पर लालजी की हत्या का आरोप है। धर्मेंद्र डी-नाइन गिरोह का सरगना है। गांववालों का कहना है कि पुरानी अदावत में ही लालता की हत्या की गई है।
उधर, घटना के बाद मौके पर एसपी दयानंद मिश्रा और एसपी (सिटी) विपिन ताड़ा कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। एसपी (सिटी) ने बताया कि स्थिति नियंत्रणपूर्ण है। घटना की रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं की गई है।