सरायमीर थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में बुधवार को सराफ को लूटने गए जिन दो बदमाशों को ग्रामीणों ने पीट-पीट कर मार डाला था, उनकी पहचान मनीष सिंह और विवेक सिंह के रूप में हुई है। गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचे परिवार वालों ने दोनों की शिनाख्त की। दोनों बीए और इंटर के छात्र थे और लखनऊ जाने का बहाना बनाकर घर से निकले थे। इनके पास से मिली बाइक की भी पहचान कर ली गई है जबकि दूसरी बाइक के मालिक का पता लगाया जा रहा है।
एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मनीष सिंह (20) पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह जहानागंज थाना क्षेत्र के पटहुआ और दूसरा इसी थाना क्षेत्र के धरवारा गांव निवासी विवेक सिंह (17) पुत्र प्रदीप सिंह था। मनीष बीए का छात्र था जबकि विवेक इंटरमीडिएट में पढ़ रहा था। गुरुवार को मोर्चरी हाउस पहुंचे परिवार वालों ने दोनों की पहचान की। बताया कि मनीष मंगलवार को घर से दो हजार रुपये लेकर लखनऊ जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद किसी को कुछ नहीं मालूम।
बता दें बुधवार को मनीष, विवेक अपने दो अन्य साथियों के साथ सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार निवासी सराफ अजय सेठ की दूकान में लूट की नीयत से घुसे और तमंचा दिखाकर तिजोरी खुलवाने लगे।
अजय ने घटना का विरोध किया तो एक बदमाश ने उसके पैर में गोली मार दी। भागते वक्त ग्रामीणों ने पकड़कर उनकी पिटाई कर जान ले ली।