शहर के लछीरामपुर मुहल्ले में प्राइवेट डॉक्टर की लापरवाही से हुई नवजात की मौत का मामला गहराता जा रहा है। शुक्रवार को एसडीएम सदर की मौजूदगी में पुलिस ने नवजात की लाश कब्र खोदकर निकाली और पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर डॉक्टर के विरुद्ध रिपोर्ट भी दर्ज कर ली।
शहर कोतवाली के तकिया निवासी हाजी कलामुद्दीन की पत्नी सगीना खातून को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को लछीरामपुर क्षेत्र में स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां आपरेशन कर प्रसव कराते समय नवजात की गर्दन की नस कट गई और बच्ची की मौत हो गई। डाक्टर ने बगैर घरवालों को सूचना दिए गर्दन की सर्जरी कर नवजात को मां के बगल में सुला दिया। बुधवार को उसे बच्ची के गर्दन कटने से मौत होने की जानकारी हुई तो घरवाले हंगामा करने लगे।
गुरुवार की रात पुलिस ने कलामुद्दीन के बेटे अमीनुल्लाह से तहरीर लेकर संजीवनी नर्सिंग होम की संचालिका डाक्टर अर्चना मैसी पर केस दर्ज किया। शुक्रवार को एसडीएम सदर के नेतृत्व में सीओ नगर डा. केके सरोज, शहर कोतवाल मो. ईसा खां कब्रिस्तान पहुंचे और कब्र खोदकर बालिका की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।