निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर हिंसा प्रभावित खुदादादपुर क्षेत्र में जाने का प्रयास करने के आरोप में लालगंज की भाजपा सांसद नीलम सोनकर और उनके 25 समर्थकों के खिलाफ मंगलवार को निजामाबाद थाने में केस दर्ज किया गया है। प्राथमिकी चौकी प्रभारी फरिहां ने दर्ज कराई है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर में 14 मई की रात दो पक्षों के बीच हिंसक घटना हुई थी।
दूसरे दिन 15 मई को सरायमीर थाने के कुछ स्थानों पर भी हिंसक घटनाएं हुईं थीं। हालात इतने बिगड़ गए कि दो दिनों तक यहां की कमान एडीजी कानून एवं व्यवस्था दलजीत चौधरी और आईजी जोन एसके भगत को संभालनी पड़ी। 16 मई को रोक के बाद भी लालगंज की भाजपा सांसद नीलम सोनकर अपने 25 समर्थकों के साथ खुदादादपुर गांव जा रही थीं।
प्रभावित क्षेत्र में राजनीतिक लोगों के जाने पर प्रतिबंध के कारण इन्हें फरिहां बाजार में रोक लिया गया। इस मामले में धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में सांसद समेत उनके 25 समर्थकों के विरुद्ध निजामाबाद थाने में केस दर्ज किया गया।
इसके अलावा हिंसक घटनाओं में मंगलवार को निजामाबाद और सरायमीर थाने में कुल आठ और मुकदमे दर्ज कराए गए, इसमें 454 लोगों को आरोपित किया गया है। आरोपियों पर मारपीट, लूटपाट, असलहों का प्रदर्शन, दहशत फैलाने आदि के आरोप हैं। इस प्रकार खुदादादपुर मामले में अब तक कुल 17 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिनमें कुल 1579 लोगों को आरोपित किया गया है।