शहर से सटे एक बीयर बार में शनिवार की रात करीब आठ बजे मारपीट के दौरान गोली चलने से अफरातफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। जबकि लोगों ने बीचबचाव कर रहे सेना के जवान को दबोच लिया और जमकर धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस दूकानदार से तहरीर लेकर चार लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट और दहशत फैलाने की रिपोर्ट दर्जकर जवान का चालान कर दिया। पुलिस शेष तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
शहर के हीरापट्टी गांव निवासी राजीव यादव पुत्र सूरज प्रसाद की कंधरापुर थाना क्षेत्र के विमती गांव में लाइसेंसी बीयर बार है। इस माडल शाप में बैठकर लोग दारू पीते हैं। हीरापट्टी मुहल्ला निवासी रविकांत मिश्रा सेना का जवान है और वर्तमान समय में वह जम्मू-कश्मीर में तैनात है। इन दिनों छुट्टी लेकर घर आया हुआ है। शनिवार की रात करीब आठ बजे वह शराब पीने के लिए माडल शाप में चला गया।
रविकांत के मुताबिक वह बैठकर शराब पी रहा था। तभी तीन युवक पहुंचे और उसके बगल में बैठकर पीने लगे। वे तीनों आपस में मारपीट करने लगे। यह देखकर वहां बैठा रविकांत बीच बचाव करने लगा। इसी बीच मनबढ़ युवकों में से कोई तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी को लगी नहीं। आवाज सुनकर सभी भाग गए।
रविकांत वहीं मौजूद रहा। उधर, आसपास के लोग रविकांत को मनबढ़ों का साथी समझकर इस कदर पीटे कि वह बेहोश हो गया। जानकारी होने पर रविकांत के घरवाले पहुंचे। होश आने पर उसे पुलिस हिरासत में ले ली। एसओ कंधरापुर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि बीयर बार के मालिक राजीव यादव की तहरीर पर रविकांत मिश्रा को नामजद और तीन अन्य पर रिपोर्ट दर्जकर रविकांत का चालान कर दिया गया।