आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसहीं इकबालपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में मंगलवार की रात पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे चोर करीब चार लाख रुपये का आभूषण और कीमती सामान चुरा लिया। भागते समय एक चोर को पीड़ित की पत्नी ने पहचान लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
बसहीं इकबालपुर गांव निवासी कलामुद्दीन पुत्र नई अहमद मंगलवार की रात बरामदे में सोए हुए थे। जबकि महिलाएं घर के भीतर सो रही थी। रात को चोर मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और पांच बक्सा और चार अटैची को पार कर दिया। जिस समय चोर घटना को अंजाम दे रहे थे। उस समय आहट मिलने पर कलामुद्दीन की पत्नी जाग गई। महिला के उठने की आहट मिलने पर चोर भागने लगे। इस दौरान कलामुद्दीन की पत्नी ने एक चोर को पहचान लिया। चोर कलामुद्दीन के घर से करीब चार लाख रुपये के आभूषण और कीमती सामान चुरा लिया। घटना के बाद कलामुद्दीन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस संदिग्ध चोर को हिरासत में लेकर थाने चली आई और उससे पूछताछ की जा रही है। सीओ लालगंज रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।