अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी बाजार में गुरुवार की रात चोरी करने के लिए दुकान का ताला तोड़ते समय आहट मिलने पर लोगों ने दौड़ाकर एक चोर को पकड़ लिया। जबकि तीन चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की बाजारवासियों ने जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उसका मेडिकल मुआयना करवाकर चालान कर दी। जबकि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही।
सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद के मुताबिक गिरफ्तार चोर बेगन उर्फ रवि (18) पुत्र काला बंगाली है। वह रायबरेली जिले के मीरएरिया थाने के काशीराम कोलहनी गांव का निवासी है। वह काफी दिनों से फूलपुर रेलवे स्टेशन के पास टेंट डालकर परिवार के साथ रहता है। सीओ के मुताबिक रवि गुरुवार की रात अपने अन्य साथियों के साथ अंबारी बाजार पहुंचा। रेलवे क्रासिंग के पास स्थित अजय यादव के किराने की दुकान का शटर का ताला तोड़कर चोरी करने के उद्देश्य से भीतर घुस गए। आहट मिलने पर बाजार के लोग जग गए। लोगों को जगे देख अन्य तीन चोर फरार हो गए। जबकि रवि पकड़ लिया गया। शोर शराबा सुनकर बाजार के अन्य लोग भी जाग गए। इस दौरान पता चला कि चोर सिर्फ अजय यादव के दुकान का नहीं बल्कि अभयराज यादव के बर्तन की दुकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किए, जबकि संजय पुत्र छाजीलाल के अंडे की दुकान का भी ताला चटकाए थे। फरार चोर अजय यादव के दुकान से 32 सौ रुपये नगर लेकर फरार हो गए। बाजार के लोग पकड़े गए रवि की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस रवि को अपने साथ लेकर थाने आई। उसका जिला अस्पताल में मेडिकल मुआयना करवाकर चालान कर दी। जबकि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।