आजमगढ़। बुधवार को ईंट भट्ठे पर जा रहे ट्रैक्टर से स्कूटी में धक्का लग गया। इस पर मनबढ़ ने लात, घूसों और लोहे की राड से हमलाकर ट्रैक्टर चालक को घायल कर दिया। इस दौरान गोली लगने की सूचना मिली, लेकिन जिला अस्पताल के डाक्टर ने गोली लगने की पुष्टि नहीं किए और उसे वाराणसी रेफर कर दिया। एसपीसिटी, सीओसिटी आदि मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं है।
सीओसिटी अजय कुमार यादव के मुताबिक घायल राजमंगल यादव (25) पुत्र हरिनाथ शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव का निवासी है। वह क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। अपने ही ट्रैक्टर ट्राली से ईंट पहुंचाता था। सीओ के मुताबिक बुधवार को राजमंगल अपना ट्रैक्टर लेकर भट्ठे पर जा रहा था। जैसे ही उकरौड़ा गांव के पास पहुंचा कि एक स्कूटी में टक्कर लग गई। इस बात को लेकर ट्रैक्टर चालक और स्कूटी सवारों में कहासुनी होने लगी। तभी स्कूटी सवारों ने फोन कर अपने कई अन्य मित्रों को बुला लिया। कुछ ही देर में चार से पांच की संख्या में उसके दोस्त पहुंच गए। सभी लोग मिलकर राजमंगल पर लात, घूसों और लोहे की राड से हमला कर दिया। इससे राजमंगल के सिर में गंभीर चोट लगी और वह घायल हो गया। घटना के संबंध में किसी ने पुलिस को फोन कर गोली चलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल, सीओसिटी और एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। राजमंगल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। एसपीसिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि डाक्टर के मुताबिक गोली लगने की चोट नहीं है। सही जानकारी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। सबूत जुटाने के लिए आसपास के घरों में लगा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा।